हम जीवन की चुनौतियों पर कैसे विजय प्राप्त कर सकते हैं? योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ़ इण्डिया के संन्यासी स्वामी आद्यानन्द गिरि बताते हैं कि ध्यान के माध्यम से अपने आध्यात्मिक जीवन को सुदृढ़ बनाना, गुरु के उपदेशों का अध्ययन करना, और श्रद्धा, साहस तथा समर्पण जैसे दिव्य गुणों को विकसित करना एवं व्यक्त करना — ये सभी हमें जीवन की परिस्थितियों के प्रति सही दृष्टिकोण विकसित करने के साधन प्रदान करते हैं।
स्वामी आद्यानन्द एक हिन्दी आध्यात्मिक प्रवचन में जिसका शीर्षक है “जीवन की समस्याओं और परीक्षाओं पर विजयी कैसे बनें?,” परमहंस योगानन्दजी के इन प्रेरक वचनों को उद्धृत करते हैं : “मार्ग की बाधाओं पर विजय प्राप्त करने के लिए यदि आप सभी उपलब्ध बाह्य साधनों के साथ-साथ अपनी स्वाभाविक योग्यताओं का भी उपयोग करते हैं तो आप ईश्वर प्रदत्त उन असीमित शक्तियों का विकास करेंगे जो आपके व्यक्तित्व के अंतर्तम बलों से प्रवाहित होती हैं। आप विचार-शक्ति एवं इच्छा-शक्ति से सम्पन्न हैं। इन दैवी उपहारों का अधिकतम सदुपयोग करें!”
हम आपको यह प्रेरणादायक सत्संग देखने के लिए आमंत्रित करते हैं, जो योगानन्दजी के “आदर्श जीवन” की प्रज्ञा से जीवन की परीक्षाओं में सफल होने के लिए आवश्यक दिशानिर्देश प्रस्तुत करता है : प्रार्थना के माध्यम से ईश्वर और गुरु की शरण लेना, विवेक और इच्छाशक्ति का प्रयोग करना, कठिन परिस्थितियों का सामना करते समय समचित्तता जैसे आध्यात्मिक गुण का विकास करना, आदि। स्वामी आद्यानन्द कहते हैं कि यह सब ध्यान और आध्यात्मिक अध्ययन द्वारा गुरु के साथ अन्तःसम्पर्क स्थापित करने के हमारे प्रयासों से प्राप्त किया जा सकता है।
इस सत्संग का सीधा प्रसारण दिसम्बर 2023 में नोएडा स्थित योगदा सत्संग शाखा आश्रम से किया गया था, और यह अब देखने हेतु उपलब्ध है।
















