योगदा सत्संग शाखा आश्रम — नोएडा

उत्तर प्रदेश

योगदा सत्संग शाखा आश्रम – नोएडा का उद्घाटन, इसके निर्माण के प्रथम चरण के पूरा होने के पश्चात, जनवरी 2010 में कर दिया गया था। दिल्ली – उत्तर प्रदेश सीमा से मात्र 4 किलो मीटर की दूरी पर 5 एकड़ भूमि पर बने इस भवन के प्रथम चरण में एक प्रशासनिक खण्ड तथा दो रिट्रीट खण्ड हैं। प्रशासनिक खण्ड अपने सम्पूर्ण भूमिगत भाग सहित तीन मंजिला ईमारत है। इसमें ध्यान-मन्दिर, स्वागत कक्ष, पुस्तक कक्ष/पुस्तकालय, परामर्श कक्ष, रसोई घर/भोजन कक्ष, कार्यालय, संन्यासियों के निवास हेतु कमरे तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से हो कर जाने वाले भक्तों के लिए 3 दिन तक ठहरने हेतु कमरे सम्मिलित हैं, जिनके लिए अग्रिम आरक्षण अनिवार्य है।

पुरुषों तथा महिलाओं के लिए अलग – अलग दो रिट्रीट खण्ड, जिनमें प्रत्येक खण्ड में 30, एक कमरे वाले सेट बने हैं, इस आश्रम की विशेषता के अनुरूप जिन्हें विशेष रूप से व्यक्तिगत तथा संचालित आध्यात्मिक रिट्रीटों के लिए बनाया गया है। भक्त साधना, स्वाध्याय तथा मौन के साथ 3-5 दिन की व्यक्तिगत रिट्रीट लेने हेतु यहाँ आ सकते हैं, जहाँ वे आश्रम के संन्यासियों से परामर्श भी कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यहाँ नियमित रूप से, अधिकतर सप्ताहांतों में, संचालित रिट्रीटों का भी आयोजन किया जाता है, जिन्हें संन्यासियों द्वारा निर्देशित किया जाता है। इन रिट्रीटों को हमारे दिव्य गुरदेव की शिक्षाओं में से विशेष विषयों, “जीने-की-कला” सिद्धान्तों, तथा ध्यान एवं एकाग्रता की प्रविधिओं पर आधारित कर, 3-5 दिनों की अवधि के लिए तैयार किया जाता है। दोनों ही परिस्थितियों में अग्रिम आरक्षण अनिवार्य है।

बड़े तथा छोटे संगम भी, आश्रम में आयोजित किये जाते हैं।

क्या आप वाईएसएस में नए हैं? इसके बारे में अधिक जानें कि वाईएसएस पाठमाला किस प्रकार आपके जीवन को रूपांतरित और संतुलित कर सकती है।

साप्ताहिक कार्यक्रम

सामूहिक ध्यान

हम नियमित ध्यान और सत्संग का आयोजन करते हैं, जो सभी के लिए खुले हैं। इन सत्रों में मौन ध्यान, भक्ति संकीर्तन और प्रेरणादायक पठन शामिल होता है।

रविवार
सुबह 10:00 बजे – सुबह 11:30 बजे
रविवार सत्संग (संक्षिप्त ध्यान शामिल)
शाम 4:45 बजे – रात 8:00 बजे
शाम का ध्यान
गुरुवार
सुबह 7:00 बजे – सुबह 8:00 बजे
सुबह का ध्यान
शाम 4:45 बजे – रात 8:00 बजे
शाम का ध्यान
अन्य दिन
सुबह 7:00 बजे – सुबह 8:00 बजे
सुबह का ध्यान
शाम 5:30 बजे – रात 7:00 बजे
शाम का ध्यान
बच्चों के लिए सत्संग

इन सत्रों में 6 से 12 वर्ष की आयु के बच्चे, रोचक कार्यक्रमों के माध्यम से, वाईएसएस की शिक्षाओं तथा जीवन-पद्धति को जानने का अवसर पाते हैं। इन कार्यक्रमों में कहानी सुनाना, संक्षिप्त निर्देशित ध्यान, तथा अन्य संवादात्मक शिक्षण विधियाँ शामिल होती हैं। अधिक जानें।

रविवार
सुबह 10:00 बजे – सुबह 11:30 बजे

आगामी विशेष कार्यक्रम और दीर्घ ध्यान

युवा साधक संगम

अधिक जानें

7 अक्टूबर, 2026, बुधवार – 11 अक्टूबर, 2026, रविवार
मासिक लम्बा ध्यान
25 अक्टूबर, 2026, रविवार
सुबह 10:00 बजे – शाम 4:00 बजे
सामूहिक ध्यान
साधना संगम (अंग्रेज़ी)

अधिक जानें

18 नवंबर, 2026, बुधवार – 22 नवंबर, 2026, रविवार

समाचार एवं फ़ोटो गैलरी

अपनी यात्रा की योजना बनाएँ

वाईएसएस और एसआरएफ़ पाठमाला के छात्रों का आश्रम में पाँच दिनों तक रहने के लिए स्वागत है। हम भक्तों को प्रोत्साहित करते हैं कि वे व्यक्तिगत रिट्रीट लें या स्वयं को नवीन ऊर्जा से परिपूर्ण करने के लिए हमारे द्वारा आयोजित रिट्रीट में से किसी एक में शामिल हों। इन रिट्रीट के दौरान, आप दिन में दो बार वाईएसएस संन्यासियों द्वारा आयोजित सामूहिक ध्यान में भाग ले सकते हैं, और योगदा सत्संग शिक्षाओं के अध्ययन और अभ्यास में आध्यात्मिक परामर्श और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

आश्रम में आवास के लिए निवेदन हेतु कृपया नीचे दिए गए बटन को क्लिक करें।

सम्पर्क करें

योगदा सत्संग शाखा आश्रम – नोएडा
Paramahansa Yogananda Marg
B-4, Sector 62
Noida - 201307
Gautam Buddha Nagar
Uttar Pradesh

कैसे पहुँचें

वाईएसएस नोएडा आश्रम, जो नोएडा सेक्टर 62 में स्थित है, वायु, रेल और सड़क मार्ग तथा दिल्ली-एनसीआर के भीतर संचालित होने वाले एक व्यापक मेट्रो नेटवर्क के माध्यम से पूरे देश से बहुत अच्छी तरह से जुड़ा है। आपकी यात्रा के लिए सबसे उपयुक्त यात्रा के साधन को खोजने के लिए कृपया नीचे दिए गए विवरण को पढ़ें।

वायुमार्ग द्वारा

वाईएसएस नोएडा आश्रम, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में सेवा प्रदान करने वाले तीन हवाई अड्डों से पहुँचा जा सकता है। तीनों हवाई अड्डों से प्री-पेड टैक्सियाँ और ओला तथा उबर जैसी ऐप-आधारित कैब सेवाएँ उपलब्ध हैं।

इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (DEL), नई दिल्ली :
लगभग 32 कि.मी. की दूरी पर, यह आश्रम के पास स्थित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हवाई अड्डा है, जहाँ से भारत के प्रमुख नगरों और दुनिया भर के गंतव्य स्थानों के लिए व्यापक विमान सेवाएँ उपलब्ध हैं। यहाँ से, सड़क मार्ग द्वारा आश्रम की यात्रा में सामान्यतः लगभग 1 घंटा लगता है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXN), जेवर, उत्तर प्रदेश :
आश्रम से लगभग 70 कि.मी. दूर, यह अपेक्षाकृत नया हवाई अड्डा वर्तमान में केवल घरेलू उड़ानों के लिए सेवा प्रदान करता है। इसके नेटवर्क में बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, लखनऊ, मुंबई, श्रीनगर और अमृतसर जैसे शहर शामिल हैं, तथा इसमें क्रमिक रूप से अन्य मार्ग भी जोड़े जा रहे हैं। इस हवाई अड्डे से, यमुना एक्सप्रेसवे से होकर जाने वाला मार्ग नोएडा की ओर सीधा सड़क संपर्क प्रदान करता है, और यातायात के आधार पर आश्रम की यात्रा में लगभग 1.5–2 घंटे का समय लगता है।

हिंडन एयरपोर्ट (HDO), गाज़ियाबाद, उत्तर प्रदेश :
हिंडन एयरपोर्ट, जो आश्रम से लगभग 16 कि.मी. की दूरी पर है, एक घरेलू हवाई अड्डा है जो भारत के चुनिंदा शहरों से आने वाले आगंतुकों के लिए उपरोक्त हवाई अड्डों का एक सुविधाजनक विकल्प है। यहाँ के विमान सम्पर्क मार्गों में अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, गोवा, इंदौर, कोलकाता, मुंबई, पटना और वाराणसी के साथ-साथ छोटे क्षेत्रीय शहर भी शामिल हैं। यहाँ से सड़क मार्ग से आश्रम तक आने में लगभग 30-35 मिनट का समय लगता है।

कृपया अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले नवीनतम उड़ान-समय-सारणी (फ़्लाइट शेड्यूल) और हवाई अड्डे की जानकारी की जाँच कर लें, क्योंकि मार्ग और समय बदल सकते हैं।

रेल द्वारा

नोएडा स्थित वाईएसएस आश्रम पहुँचने के लिए, देश के विभिन्न भागों से दिल्ली-एनसीआर आने वाली अनेक लंबी दूरी की एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में से किसी एक से यात्री दिल्ली-एनसीआर के निम्नलिखित रेलवे स्टेशनों में से किसी एक स्टेशन तक आ सकते हैं। इनमें से किसी भी स्टेशन से, यात्री टैक्सी, ऐप आधारित कैब, या ऑटो-रिक्शा द्वारा आश्रम पहुँच सकते हैं। दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने की जानकारी के लिए, कृपया नीचे दिए गए “मेट्रो द्वारा” अनुभाग को देखें।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS):
नई दिल्ली एक प्रमुख रेलवे हब है, जो उत्तर, पश्चिम, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत से व्यापक रूप से जुड़ा है। इसमें मुंबई, अहमदाबाद, कोलकाता, राँची, भुवनेश्वर, डिब्रूगढ़ और जम्मू जैसे शहरों से आने वाली राजधानी और दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं, साथ ही जयपुर, लखनऊ, कानपुर, पटना, भोपाल, चेन्नई, हैदराबाद और अन्य प्रमुख शहरों को जोड़ने वाली अन्य मुख्य ट्रेनें भी शामिल हैं। आश्रम, रेलवे स्टेशन से लगभग 20 कि.मी. की दूरी पर है, और सड़क मार्ग से पहुँचने में 40–45 मिनट का समय लगता है।

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन (DLI):
इसे दिल्ली जंक्शन के नाम से भी जाना जाता है, जो उत्तर, पश्चिम और भारत के पूर्वी भागों के साथ व्यापक रूप से जुड़ा है। प्रमुख गाड़ियाँ इस स्टेशन को अमृतसर, जम्मू, जयपुर, अजमेर, हरिद्वार, ऋषिकेश, लखनऊ, गोरखपुर और उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड तथा बिहार के अन्य शहरों से जोड़ती हैं। आश्रम, रेलवे स्टेशन से लगभग 22 कि.मी. की दूरी पर है, और सड़क मार्ग से यात्रा में लगभग 40–45 मिनट लगते हैं।

हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन (NZM):
आश्रम से लगभग 18 कि.मी. की दूरी पर स्थित हज़रत निज़ामुद्दीन एक प्रमुख लम्बी दूरी की ट्रेनों का रेलवे स्टेशन है, जो उत्तर, पश्चिम, मध्य, दक्षिण और पूर्व भारत के कई हिस्सों से सीधे जुड़ा है। प्रमुख गाड़ियों में मुंबई और अगस्त क्रांति राजधानी, बैंगलोर, चेन्नई, सिकंदराबाद और तिरुवनंतपुरम राजधानियाँ, साथ ही मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, गोवा और कोच्चि जैसे शहरों को जोड़ने वाली दुरंतो और संपर्क क्रांति रेल सेवाएँ शामिल हैं। यहाँ से आश्रम तक सड़क मार्ग से आने में सामान्यतः लगभग 35–40 मिनट का समय लगता है।

गाज़ियाबाद रेलवे स्टेशन (GZB):
आश्रम से लगभग 10 कि.मी. दूर, गाज़ियाबाद एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन है, जो दिल्ली-एनसीआर में अपनी सेवाएँ प्रदान करता है और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड तथा आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों के लिए विशेष रूप से सुविधाजनक है। सीधी और घूम कर आने वाली ट्रेनें इसे लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़ और उत्तरी तथा पूर्वी भारत के अन्य शहरों से जोड़ती हैं। सड़क मार्ग द्वारा आश्रम तक आने में सामान्यतः 25–30 मिनट का समय लगता है।

आनंद विहार टर्मिनल (ANVT):
आनंद विहार दिल्ली में एक अन्य प्रमुख लंबी दूरी का रेलवे टर्मिनल है। यह एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों का संचालन करता है, जो पटना, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, दरभंगा और कोलकाता सहित प्रमुख शहरों से आती हैं। यह आश्रम टर्मिनल से लगभग 9 कि.मी. की दूरी पर है और सड़क मार्ग से वहाँ पहुँचने में 25–30 मिनट का समय लगता है।

ट्रेन के मार्ग, समय और स्टेशन पर ठहराव बदल सकते हैं। कृपया अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले भारतीय रेलवे की वेबसाइट पर नवीनतम समय-सारणी और उपलब्धता की जाँच अवश्य कर लें।

सड़क मार्ग द्वारा

अंतर-नगरीय बसें (इंटर-सिटी बसें) नोएडा और आईएसबीटी आनंद विहार तथा कश्मीरी गेट सहित आसपास के बस टर्मिनलों के लिए संचालित होती हैं। इन स्थानों से, आश्रम तक आने के लिए टैक्सी और ऑटो-रिक्शा उपलब्ध हैं।

कार या टैक्सी से आने वाले आगंतुक हमारे गूगल मैप्स (Google Maps) लिंक का अनुसरण करके नोएडा आश्रम पहुँच सकते हैं।

दिल्ली से सड़क मार्ग/दिशा-निर्देश :

  • दिल्ली से, दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे (NE-3) लें।
  • अक्षरधाम मन्दिर को अपनी बाईं ओर छोड़ते हुए और लगभग 8.5 कि.मी. सीधे आगे बढ़ते रहें।
  • सेक्टर 62/नोएडा की ओर जाने वाले निकास (एग्जिट) की तरफ बढ़ें।
  • सेक्टर 62 पुलिस पोस्ट चौराहे पर पहुँचिए और दाहिने मुड़िए।
  • तीसरा बायाँ मोड़ लें और परमहंस योगानन्द मार्ग पर आएँ।
  • परमहंस योगानन्द मार्ग पर, पहला दाहिना मोड़ लें।
  • मोड़ के बाद, आपके बाएँ हाथ की पहली बिल्डिंग वाईएसएस नोएडा आश्रम होगी।

निकटवर्ती स्थल :

  • ओकाया बिल्डिंग के बगल में
  • आईआईएम लखनऊ, नोएडा परिसर के सामने
  • फोर्टिस हॉस्पिटल, नोएडा से लगभग 2–3 कि.मी. की दूरी पर
मेट्रो द्वारा

आश्रम का निकटतम मेट्रो स्टेशन दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर स्थित नोएडा सेक्टर 62 मेट्रो स्टेशन है। आश्रम स्टेशन से लगभग 2.2 कि.मी. दूर है, और कैब या ऑटो-रिक्शा से वहाँ पहुँचने में लगभग 10 मिनट लगते हैं। हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल, या दिल्ली-एनसीआर के भीतर अन्य स्थानों से आश्रम आने वाले आगंतुकों के लिए मेट्रो सामान्यतः एक अधिक किफायती विकल्प है।

इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से (70–80 मिनट) :
टर्मिनल 1 और टर्मिनल 3 दोनों से मेट्रो सेवाएँ उपलब्ध हैं।

  • इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 से, बॉटनिकल गार्डन के लिए मैजेंटा लाइन लें। वहाँ से ब्लू लाइन (नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी की ओर) लें, और नोएडा सेक्टर 62 मेट्रो स्टेशन पर उतरें।
  • टर्मिनल 3 – इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से, नई दिल्ली स्टेशन के लिए ऑरेंज लाइन (एयरपोर्ट एक्सप्रेस) लें। वहाँ से येलो लाइन (मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम की ओर) लें और राजीव चौक पर उतरें। वहाँ से ब्लू लाइन (नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी की ओर) लें और नोएडा सेक्टर 62 स्टेशन पर उतरें।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से (50–60 मिनट) :
नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से, येलो लाइन (मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम की ओर) लें और राजीव चौक पर उतरें। वहाँ से ब्लू लाइन (नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी की ओर) लें और नोएडा सेक्टर 62 स्टेशन पर उतरें।

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से (50–60 मिनट) :
येलो लाइन (मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम की ओर जाने वाली मेट्रो में) पर चाँदनी चौक मेट्रो स्टेशन से सवार हों और राजीव चौक पर उतरें। वहाँ ब्लू लाइन (नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी की ओर) लें और नोएडा सेक्टर 62 स्टेशन पर उतरें।

आनंद विहार टर्मिनल से (45–55 मिनट) :
आनंद विहार आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन से, पिंक लाइन लें (आई.पी. एक्सटेंशन की ओर) और मयूर विहार फेज – 1 पर उतरें। वहाँ ब्लू लाइन (नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी की ओर) लें और नोएडा सेक्टर 62 स्टेशन पर उतरें।

आईएसबीटी कश्मीरी गेट से (60–70 मिनट) :
आईएसबीटी कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन से, वायलेट लाइन (राजा नाहर सिंह की ओर) लें और मंडी हाउस पर उतरें। वहाँ ब्लू लाइन (नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी की ओर) लें और नोएडा सेक्टर 62 स्टेशन पर उतरें।

मेट्रो मार्ग, इंटरचेंज पॉइंट (बदलाव के स्थान) और यात्रा का समय भिन्न हो सकते हैं। कृपया यात्रा करने से पहले नवीनतम दिल्ली मेट्रो मार्ग और सेवा की जानकारी की जाँच कर लें।

शेयर करें