“वर्तमान में आपके पास जो अच्छा है उसके प्रति अपनी आँखें खोलें; ईश्वर की कृपा की प्रत्येक नवीन अभिव्यक्ति के प्रति सचेत और सजग रहें ।”
— परमहंस योगानन्द
थैंक्सगिविंग — एक ऐसा समय है जो, प्रत्येक उत्तम उपहार के दाता से हमें जो कुछ भी प्राप्त हुआ है उसकी प्रेमपूर्ण सराहना का उत्सव मनाने के लिए परिवार और मित्रों को एक साथ लेकर आता है — परमहंस योगानन्द के आश्रम से हम सभी, ईश्वर को अपनी हार्दिक कृतज्ञता अर्पित करने में आपके साथ हैं। हम आपको और विश्व भर में फैले अपने आध्यात्मिक परिवार का विशेष रूप से स्मरण करते हुए अपना प्रेम और प्रार्थनाएं प्रेषित करते हैं, इस बात के प्रति सदा सचेत रहते हुए कि आपकी दिव्य मित्रता एक सबसे अनमोल आशीर्वाद है।
गुरुदेव ने ईश्वर की कृपा पर विचार करने के लिए एक राष्ट्रीय दिवस निर्धारित करने की परंपरा की अत्यधिक सराहना की; और उन्होंने हमें प्रतिदिन कृतज्ञता की भावना में रहने के लिए प्रोत्साहित किया। चाहे हम उन्हें स्वीकार करें या न करें, ईश्वर हमारा पालन-पोषण करते हैं। परन्तु वह संबंध कितना अधिक मधुर और परिवर्तनकारी होता है जब हम उन असंख्य तरीकों के प्रति जागृत हो जाते हैं जिनसे उनकी उपस्थिति हमारे जीवन में व्याप्त है। जब हम उनकी रचना के चमत्कारों के प्रति अपनी आँखें खोलते हैं और दयालुता की प्रत्येक अभिव्यक्ति के माध्यम से, तथा ईश्वर से समस्वर आत्माओं द्वारा प्रकट किए गए प्रत्येक उन्नयनकारी सत्य और विपरीत समय में प्रत्येक सान्त्वनादायक अंतर्दृष्टि के माध्यम से उनके प्रेम का स्पर्श अनुभव करते हैं, तो हमें यह अहसास होना शुरू हो जाता है कि वे कितनी गहराई से हमारे कल्याण का ध्यान रखते हैं। जैसे-जैसे हम सच्ची कृतज्ञता द्वारा अपनी चेतना की बोधगम्यता को परिष्कृत करते हैं, उनके साथ हमारा संबंध मजबूत होता है, और हम इस जगत् के द्वंद्वों की नकारात्मक अभिव्यक्तियों के प्रति कम संवेदनशील होते हैं।
“अपने आशीर्वादों को गिनने” का अभ्यास हमारे मन को स्वयं हममें, दूसरों में, और जीवन की विभिन्न परिस्थितियों में — यहाँ तक कि उनमें भी जो ईश्वर में हमारे विश्वास की परीक्षा लेती हैं — अच्छाइयों को खोजने और उन पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रशिक्षित करता है। इस प्रकार हम उनके मार्गदर्शन और प्रेम के प्रति अधिक ग्रहणशील हो जाते हैं, चाहे उनकी कृपा किसी प्रार्थना के उत्तर के रूप में आए या हमारी क्षमताओं को बढ़ाने और आध्यात्मिक शक्ति एवं समझ विकसित करने के एक अवसर के रूप में आए। जब हम सकारात्मक को देखते हैं, और इसके पीछे निहित ईश्वर के हाथ को देखते हैं, तो हम उनकी सहायता की अनमोल स्मृतियाँ जमा कर लेते हैं जिनका उपयोग हम उनमें अपने विश्वास को सुदृढ़ करने के लिए कर सकते हैं। जैसे-जैसे उनमें विश्वास और उनके साथ समस्वरता बढ़ती है, हम समझते हैं कि वे कभी भी हमारे प्रति उदासीन नहीं हैं। गुरुजी ने कहा है, “यदि आप उन पर और उन अनेक तरीकों पर ध्यान देंगे जिनसे वे प्रतिक्रिया देते हैं, तो आपको पता चल जाएगा कि वास्तव में वे हर समय ही आपको उत्तर देते हैं।” सबसे बड़ा आश्वासन कि ईश्वर हमेशा हमारा ध्यान रख रहे हैं, तब मिलता है, जब आंतरिक संपर्क की शांति में, भौतिक जगत् के विकर्षण दूर हो जाते हैं और हम उनके प्रकाश और प्रेम में स्नान करते हैं। अपनी चेतना के नीचे उनके असीम जीवन और अस्तित्व के सहायक महासागर का अनुभव करते हुए, हम पहचानते हैं कि यद्यपि हम इसे नहीं जानते थे, उन्होंने हमें सर्वोच्च खजाना — स्वयं का शाश्वत उपहार — प्रदान किया है।
इस ज्ञान-बोध का विकास हृदय को ईश्वर के प्रति कृतज्ञता से भर देता है। यह न केवल कृतज्ञता के शब्दों में, अपितु समर्पण की इच्छा के रूप में भी उमड़ता है — उन्हें जानने और प्रेम करने के हमारे प्रयासों का निशर्त समर्पण; और जरूरतमंद लोगों तक भौतिक या अन्य रूप से पहुंचना। थैंक्सगिविंग के समय, मैं अपने हृदय से प्रार्थना करती हूँ कि आपको देने का शुद्ध आनंद प्राप्त हो — वह आत्मिक-स्वतंत्रता एवं सुरक्षा जो तब आती है जब आत्मा को विस्तारित करने वाली कृतज्ञता के द्वारा हम उनकी विपुलता को अपने आंतरिक और फिर बाह्य जीवन में, और हमारे माध्यम से सभी तक स्वतंत्र रूप से प्रवाहित होने देते हैं।
आपको और आपके प्रियजनों को हार्दिक धन्यवाद,
श्री मृणालिनी माता
सर्वाधिकार सुरक्षित © 2011 सेल्फ़-रियलाइज़ेशन फ़ेलोशिप।
















