योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ़ इण्डिया झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड में अनेक शैक्षणिक संस्थानों का संचालन करती है, जो गुरुदेव श्री श्री परमहंस योगानन्द के मानवीय आदर्शों के अनुरूप चलाये जाते हैं। ये संस्थान शैक्षिक उत्कृष्टता और चरित्र दोनों का विकास करने वाली शिक्षा प्रदान करते हुए, अल्प सुविधा प्राप्त पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों की सेवा करने का प्रयास करते हैं।
हमें योगदा सत्संग महाविद्यालय, राँची के हमारे इंटरमीडिएट सेक्शन (10+2) के विद्यार्थियों की हाल ही की बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ साझा करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। हमारे विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्टता प्राप्त करते हुए अत्यंत सराहनीय प्रदर्शन किया है।

- कुमारी मुस्कान कुमारी (वाणिज्य) ने 94.2% अंकों के साथ राँची में प्रथम तथा राज्य की मेधा सूची में पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया। एक सामान्य पृष्ठभूमि से आने के बावजूद, उन्होंने शांत अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हुए अथक परिश्रम किया। उनकी यह सफलता, जिसे स्थानीय मीडिया में व्यापक रूप से प्रकाशित किया गया है, एकाग्रतापूर्ण प्रयास की शक्ति का एक ज्वलंत प्रमाण है। उन्हें शीघ्र ही राँची के उपायुक्त श्री मंजुनाथ भजंतरी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
- कुमारी काव्या कौशिकी (वाणिज्य) ने 93.2% अंकों के साथ राँची में तीसरा और राज्य में सातवाँ स्थान प्राप्त किया, जो सतत परिश्रम के फल का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।


स्वामी निश्चलानन्द सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वालों को सम्मानित करते हुए।
ये उपलब्धियाँ हमारे शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन, हमारी संस्थाओं के सहायक शिक्षण परिवेश, और सर्वोपरि, गुरुदेव के प्रेम और आशीर्वादों का परिणाम हैं। हम अपने उन सभी छात्रों को हार्दिक बधाई देते हैं जिन्होंने प्रावीण्यता सूची में स्थान प्राप्त किया, और उन कर्मचारियों के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हैं जिन्होंने चरित्र, सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा के मिशन को आगे बढ़ाने में अथक सेवा की है।
समाचार पत्रों के अंश :
