कोलकाता में 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में परमहंस योगानन्दजी को सम्मानित किया गया

28 जून, 2026

पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता में योग दिवस समारोह में परमहंस योगानन्दजी की विरासत पर प्रकाश डाला

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (जो 21 जून को मनाया गया) से कुछ दिन पहले, पश्चिम बंगाल सरकार ने हमारे पूज्य गुरुदेव तथा योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ़ इण्डिया (वाईएसएस) के संस्थापक श्री श्री परमहंस योगानन्द और अन्य आध्यात्मिक विभूतियों को कोलकाता शहर में विशेष प्रदर्शनियों के माध्यम से सम्मानित किया।

योगानन्दजी और अन्य आध्यात्मिक विभूतियों को सम्पूर्ण शहर में श्रद्धांजलि अर्पित की गई

बंगाल की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के एक सुंदर उत्सव में, पूरे कोलकाता में आधिकारिक सरकारी बैनर प्रदर्शित किए गए। परमहंसजी को पश्चिम बंगाल के कुछ महानतम मनस्वियों और संतों : स्वामी विवेकानन्द, श्री अरबिंदो, श्री रवींद्रनाथ टैगोर और श्री बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, के साथ सम्मानित किया गया।

अद्भुत उत्सव : रेत कला और ड्रोन शो

ये श्रद्धांजलियाँ केवल बैनरों तक ही सीमित नहीं रहीं, बल्कि इनमें लुभावने सार्वजनिक प्रदर्शनों के माध्यम से हजारों लोगों की कल्पना साकार हुई। मिलेनियम पार्क में हुगली नदी के तट पर एक अद्भुत, जटिल रेत कला का प्रदर्शन किया गया, जिसने श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उमड़े विशाल जन-समुदाय को अपनी ओर आकर्षित किया। 21 जून को, रात का आकाश एक भव्य और अद्भुत तालमेल के साथ किये गए ड्रोन शो से जीवंत हो उठा। हजारों जगमगाते ड्रोनों ने पानी के ऊपर हतप्रभ करने वाली आकृतियाँ बनाईं, जो सम्पूर्ण विश्व में योग और ध्यान के प्रकाश के प्रसार का प्रतीक थीं।

परमहंस योगानन्दजी तथा आधुनिक युग के कुछ महानतम मनस्वियों और सन्तों के सम्मान में बनी एक सुन्दर रेत-कला।
“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय को दर्शाता एक बैनर।

ऐसे आयोजनों के साथ, योग के प्रति परमहंसजी के दृष्टिकोण — न केवल एक शारीरिक अनुशासन के रूप में, बल्कि समस्त मानव जाति के लिए आंतरिक शांति का उच्चतम और सबसे निश्चित मार्ग — को उच्चतम स्तरों पर निरंतर मान्यता प्राप्त हो रही है।

वाईएसएस ने कोलकाता और श्रीरामपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए

21 जून, 2026 को, भारी बारिश और बादलों से घिरे आकाश के बावजूद, सैकड़ों सत्यान्वेषी, योग प्रेमी और वाईएसएस भक्त कोलकाता और उसके पास दो स्थानों पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए एकत्रित हुए : योगदा सत्संग मठ, दक्षिणेश्वर, और श्रीरामपुर में स्वामी श्रीयुक्तेश्वर गिरि स्मृति मंदिर।

दक्षिणेश्वर

योगदा सत्संग मठ, दक्षिणेश्वर में 21 जून को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में, एक वाईएसएस संन्यासी ने उपस्थित लोगों को क्रियायोग विज्ञान के इतिहास और आधुनिक समय में इसकी प्रासंगिकता से परिचित कराया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह पवित्र विज्ञान वर्तमान समय के तनावों और चिंताओं के लिए किस प्रकार एक औषधि का काम करता है, तथा शरीर, मन और आत्मा में सामंजस्य स्थापित करता है, जिससे तनाव और चिंता को दूर करने का एक व्यावहारिक मार्ग मिलता है। उन्होंने यह भी बताया कि क्रियायोग की इस तकनीक के नियमित अभ्यास से गहरी आंतरिक शांति प्राप्त होती है, जो श्वास और मन दोनों को शांत कर परमानन्दमयी दिव्य अनुभूति को जगाती है। उपस्थित लोगों को एक सामान्य ध्यान सत्र के माध्यम से निर्देशित किया गया, जिसमें सही मुद्रा का अभ्यास, प्रारंभिक श्वास-अभ्यास, मानस-दर्शन और प्रतिज्ञापन शामिल थे।

यह कार्यक्रम वाईएसएस दक्षिणेश्वर आश्रम में आयोजित किया गया।

श्रीरामपुर

योगदा सत्संग ध्यान केन्द्र, श्रीरामपुर द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में, स्वामी श्रीयुक्तेश्वर गिरि स्मृति मंदिर के लॉन में लगभग 215 स्थानीय निवासी एकत्र हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ चिल्ड्रेन सत्संग ग्रुप के शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत एक सुंदर उद्घाटन गीत के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने एक तालमेलपूर्ण योग प्रदर्शन देखा, जिसने योगासनों के सामंजस्य, अनुशासन और कलात्मक सौंदर्य को पूर्णता से प्रदर्शित किया।

वाईएसएस संन्यासी स्वामी अच्युतानन्द गिरि ने “आन्तरिक शांति” विषय पर एक प्रेरणादायक प्रवचन दिया, जिसमें उन्होंने प्रार्थना और ध्यान प्रविधियों पर एक ज्ञानवर्धक सत्र भी शामिल किया। इसमें उन्होंने मानसिक स्पष्टता और समग्र कल्याण प्राप्त करने में इनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

स्वामी अच्युतानन्द गिरि श्रीरामपुर केन्द्र में ध्यान प्रविधि पर एक ज्ञानवर्धक सत्र संचालित करते हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में, पश्चिम बंगाल सरकार में श्रम तथा लोक स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी (पीएचई) राज्य मंत्री माननीय श्री भास्कर भट्टाचार्य को वाईएसएस द्वारा सम्मानित किया गया।

गहन आध्यात्मिक वातावरण से अभिभूत होकर, मंत्री महोदय ने साझा किया कि वे मुख्य रूप से एक श्रोता के रूप में आए थे न कि वक्ता के रूप में, और वे आज की प्रस्तुतियों से बहुत लाभान्वित और प्रेरित हुए हैं।

यह कार्यक्रम स्थानीय समुदाय के लिए योग-ध्यान की गतिविधियों में भाग लेने तथा इनके शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों का अनुभव करने का एक अद्भुत अवसर था, जिसने गुरुदेव की शिक्षाओं की व्यावहारिक प्रासंगिकता को स्थापित किया और उनके शाश्वत सार को सुदृढ़ किया।

हमारे साथ आन्तरिक शांति का अनुभव करें

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम विविध भाषाओं में देखने के लिए उपलब्ध हैं

जिस प्रकार क्रियायोग ध्यान की शिक्षाओं को उनके गहन प्रभाव के लिए विश्व स्तर पर निरंतर रूप से मान्यता मिल रही है, हम आपको आंतरिक सामंजस्य स्थापित करने की दिशा में अपना क़दम बढ़ाने के लिए आमंत्रित करते हैं।

यदि आप आंतरिक शांति का अनुभव करना चाहते हैं, वैज्ञानिक ध्यान प्रविधियाँ सीखना चाहते हैं, और वाईएसएस संन्यासियों द्वारा निर्देशित ध्यान का अभ्यास करना चाहते हैं, तो वाईएसएस द्वारा संचालित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों को देखने के लिए हम आपका स्वागत करते हैं।

आइए, अपने हृदयों में शांति और विश्व में सद्भाव स्थापित करने के लिए योग की भावना में एकजुट हों।

शेयर करें