“अंततः मुझे समझ आ गया कि ध्यान कैसे किया जाता है और शांत कैसे रहा जाता है।”
“[मेरा बेटा] सप्ताहांत की उत्सुकता से प्रतीक्षा करता था और सत्रों में अत्यधिक संलग्न रहता था। [हमने] उसमें कुछ परिवर्तन देखे, विशेष रूप से ध्यान और प्रार्थनाओं में उसकी संलग्नता।”
ऑनलाइन टीन रिचार्ज स्टेशन (OTRS) — मानसून सत्र वाईएसएस यूथ सर्विसेज द्वारा 18 जुलाई से 16 अगस्त, 2026 के बीच पाँच सप्ताहांतों में आयोजित किया गया था।
पूरे भारत से 140 से अधिक किशोरों ने शनिवार और रविवार को आयोजित दस सप्ताहांत सत्रों में भाग लिया। इन सत्रों ने उन्हें एक उच्च आध्यात्मिक मनोदशा के साथ नए शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत करने में सहायता की। अनुभवी अनुदेशकों द्वारा संचालित, प्रत्येक सत्र में एक प्रमुख विषय पर पंद्रह मिनट का संवादमूलक शिक्षण और तीस मिनट का निर्देशित ध्यान तथा प्रतिज्ञापन का अभ्यास सम्मिलित था।
आदर्श-जीवन की कक्षाएँ
मुझे मनोरंजक गतिविधियाँ, शिक्षाओं में निहित संदेश प्रदान करने का कहानी-आधारित तरीका, और दैनिक जीवन में उपयोग की जा सकने वाली उपयोगी प्रविधियाँ पसंद आईं।
— एस.ए., 15 वर्ष, कर्नाटक
परीक्षोन्मुख तनाव और सहपाठियों के दबाव तथा पाठ्येतर गतिविधियों की विविध माँगों से जूझ रहे किशोरों ने आदर्श-जीवन कक्षाओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया, जिसने उन्हें अपनी व्यस्त दिनचर्या को संभालते हुए भी अपने आध्यात्मिक जीवन को विकसित करने में सहायता प्रदान की।
सम्मिलित विषय :
- एकाग्रता
- इच्छा-शक्ति
- मित्रता
- निर्भीकता
- श्रद्धा, और
- भक्ति
कार्यक्रम में 40 से अधिक प्रशिक्षित अनुदेशकों और वॉलन्टीयर्स ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। योगी कथामृत और मेजदा की कहानियों को विशेष रूप से सराहा गया और इन्होंने आध्यात्मिक सिद्धांतों को किशोरों के दैनिक अनुभवों के निकट लाने में सहायता की।
सक्रिय संवाद
ऑनलाइन प्रारूप ने युवाओं के लिए गतिशील एवं संवादमूलक शिक्षण को सक्षम बनाया। प्रतिभागियों के बीच समूह-चर्चा, मतदान और चैट संदेश अत्यंत लोकप्रिय रहे।
वाईएसएस संन्यासियों का एक विशेष सत्र
ओटीआरएस (OTRS) का एक अन्य प्रमुख आकर्षण स्वामी शंकरानन्दजी के साथ एक विशेष सत्र था, जिसमें उन्होंने दृश्य-कथावाचन (विजुअल स्टोरीटेलिंग) के माध्यम से भगवान् बुद्ध की कहानी बताई। इन किशोरवय युवाओं ने सीखा कि कैसे चार साधारण दृश्यों (वृद्धावस्था, रोग, मृत्यु और एक शांत तपस्वी) ने युवा राजकुमार को सत्य की खोज के मार्ग पर अग्रसर किया तथा किस प्रकार बोधि वृक्ष के नीचे बैठकर उन्होंने प्रतिज्ञा की, कि जब तक उन्हें बोध की प्राप्ति नहीं हो जाती, वे ध्यान से नहीं उठेंगे—जो इस बात का स्मरण कराता है कि दृढ संकल्प ही, यहाँ तक कि छोटे-छोटे दैनिक प्रयासों में भी, साधक को आगे ले जाता है।
व्यक्तिगत अनुभव
“मुझे...ऐसे श्वसन अभ्यासों के विषय में पता चला जिनसे मुझे अधिक शांति का अनुभव हुआ। कुछ शारीरिक व्यायामों से मेरी मांसपेशियाँ तनाव मुक्त हुईं और मेरा मन अधिक स्थिर हो गया।”
“मुझे यह सत्र जिस प्रकार शांत एवं सकारात्मक लगा, वह अत्यधिक पसंद आया। इसने मुझे अन्तर्निरीक्षण करने में सहायता की।”
“सत्रों में सम्मिलित होना एक अत्यधिक प्रेरक अनुभव था। मैंने शांत, कम तनावग्रस्त और कहीं अधिक ऊर्जावान् अनुभव किया। मैंने ध्यान करना भी सीखा।”
“मेरे बच्चे का दृष्टिकोण अब उत्तरदायित्व की ओर अधिक हो गया है। वह प्रसन्नचित्त एवं सजग रहता है। वह हमसे अधिक खुलकर बात करता है और कम तनावग्रस्त रहता है।”
माता-पिता और युवाओं ने ऑनलाइन सत्रों में गहरी रुचि व्यक्त की, और उन्हें निरंतर जारी रखने का अनुरोध किया। आगे चलकर, यूथ सर्विसेज द्वारा वसंत और मानसून के सत्रों के साथ, OTRS का आयोजन वर्ष में दो बार किया जाएगा।
अगले ऑनलाइन टीन सत्संग (OTS) की घोषणा
वसंत एवं मानसून सत्रों में आयोजित होने वाले OTRS के अतिरिक्त, किशोर ऑनलाइन टीन सत्संग (OTS) में भी भाग ले सकते हैं, जो प्रत्येक वर्ष ग्रीष्म एवं शीतकाल के संस्करणों में आयोजित किया जाता है। ये कार्यक्रम किशोरों के सीखने की निरंतरता तथा ऑनलाइन साहचर्य को सुनिश्चित करने के लिए नियोजित किए जाते हैं।
ओटीएस (OTS) का शीतकालीन संस्करण नवम्बर 2026 से जनवरी 2027 तक आयोजित करने की योजना है, जिसमें परमहंस योगानन्दजी की आदर्श-जीवन शिक्षाओं का अधिक गहराई से अध्ययन किया जाएगा।
ऑनलाइन टीन सत्संग — शीतकालीन संस्करण 2026–27, में भाग लेने के इच्छुक माता-पिता एवं किशोर नीचे दिए गए फॉर्म के माध्यम से अपनी रुचि पंजीकृत कर सकते हैं :
बच्चों और किशोरों के लिए अन्य यूथ सर्विसेज कार्यक्रमों से संबंधित अतिरिक्त पूछताछ के लिए, कृपया [email protected] पर लिखें।
किशोर शिविर एवं रविवारीय सत्संग
वाईएसएस यूथ सर्विसेज ने मई–जून 2026 में शूलिनी विश्वविद्यालय, सोलन, में बच्चों और किशोरों के लिए एक ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया। यह कुछ वाईएसएस आश्रमों, केन्द्रों और मण्डलियों में भी व्यक्तिगत उपस्थिति वाले किशोर कार्यक्रमों का आयोजन करता है।
शूलिनी विश्वविद्यालय, सोलन, में 2026 ग्रीष्मकालीन शिविर के बारे में पढ़ें
कृपया ध्यान दें : शूलिनी विश्वविद्यालय, सोलन, में बच्चों और किशोरों के लिए अगले वाईएसएस शिविर की संभावित तिथियाँ 23–29 मई, 2027 हैं।



















