हम अत्यंत हर्ष के साथ आपको इस विशेष आयोजन में सम्मिलित होने के लिए वाईएसएस/एसआरएफ़ अध्यक्ष एवं आध्यात्मिक प्रमुख श्री श्री स्वामी चिदानन्द गिरि के साथ जुड़ने के लिये आमंत्रित करते हैं, जो परमहंस योगानन्दजी द्वारा 1950 में पैसिफ़िक पेलिसेड्स, कैलिफ़ोर्निया में स्थापित एसआरएफ़ लेक श्राइन की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
एसआरएफ़ लेक श्राइन की स्थापना परमहंस योगानन्दजी द्वारा एक सार्वभौमिक आध्यात्मिक अभयारण्य के रूप में की गई थी, जहाँ पूरे विश्व से लोग आ सकते हैं और हृदय, मन तथा आत्मा में सच्ची शांति का अनुभव कर सकते हैं। 20 अगस्त, 1950 को लेक श्राइन के लोकार्पण के अवसर पर उन्होंने कहा था, “यदि हम आदर्श जीवन की सच्ची कला का अभ्यास करने में सक्षम होना चाहते हैं, तो विश्व बंधुत्व होना चाहिए। इस मंदिर का निर्माण सभी धर्मों के लिए किया गया है, ताकि सभी एक समान धर्म की एकता का अनुभव कर सकें।”
2025 की पैसिफिक पैलिसेड्स में आग की दुर्घटना के बाद, लेक श्राइन में सुधार कार्य के कारण यह आयोजन 2025 में आयोजित नहीं हो सका। वाईएसएस/एसआरएफ़ अध्यक्ष के साथ इस पवित्र स्थल पर एक विशेष उत्सव के साथ अब इस महत्वपूर्ण वर्षगांठ को मनाते हुए हमें अत्यधिक प्रसन्नता हो रही है।
यह कार्यक्रम शनिवार, 22 अगस्त को रात्रि 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार) लॉस एंजिलिस स्थित एसआरएफ़ लेक श्राइन मंदिर से सीधा प्रसारित किया जाएगा, और बाद में देखने के लिए भी उपलब्ध रहेगा।
















